बांदा के मंडलीय स्टोर में रखी गई वैक्सीन की निगरानी करता पुलिसकर्मी।
- फोटो : BANDA
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के चारों जनपदों बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट और महोबा में पहले चरण के लिए 21,270 वैक्सीन की खेप शुक्रवार को तड़के यहां झांसी से विशेष वाहन में पुलिस सुरक्षा के बीच लाई गई। मंडलीय औषधि भंडार गृह से चारों जिलों में निर्धारित संख्या के अनुसार अलग-अलग वाहनों से वैक्सीन भेज भी दी गई है।
मंडल में सर्वाधिक 7960 वैक्सीन बांदा जिले को मिली है। हमीरपुर के लिए 6400, चित्रकूट के लिए 3830 और महोबा के लिए 3080 वैक्सीन आवंटित की गई हैं। शनिवार (आज) से वैक्सीन लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा।
बृहस्पतिवार की सुबह यहां से विशेष सुरक्षित और जरूरी सुविधाओं से सुसज्जित वाहन झांसी पुलिस फोर्स संग भेजा गया था। आधी रात के बाद शुक्रवार को तड़के यह टीम चारों जनपदों के लिए कोरोना वैक्सीन की खेप लेकर बांदा लौटी।
मंडलायुक्त आवास के पास स्थित मंडलीय ड्रग वेयर हाउस में विशेष बाक्सों में इसे रखा गया। कुछ ही देर बाद चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा के स्वास्थ्य कर्मी पुलिस सुरक्षा में वैक्सीन की खेप लेकर अपने-अपने जनपदों को रवाना हो गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एनडी शर्मा ने बताया कि 16 जनवरी (शनिवार) से निर्धारित बूथों में वैक्सीन का टीकाकरण शुरू होगा। पहले चरण में सिर्फ चार बूथों मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, अतर्रा और बहेड़ी सीएचसी में स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया जाएगा।
सुबह 9 से शाम 5 बजे तक प्रत्येक बूथ में 100 टीके लगाए जाएंगे। चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में 18,970 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाना है। इनमें 1213 प्राइवेट स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं।