बांदा। अन्ना पशुओं को बचाने में ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इसमें सवार करीब 25 लोग घायल हो गए। 9 लोगों को ज्यादा चोटें आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पैलानी थाना क्षेत्र के पिपरहरी गांव निवासी रामलखन के 6 माह के पुत्र भैरो का गुमाई (अतर्रा) गांव में छठी पूजन था। रविवार को देर शाम पिपरहरी गांव वापस आते समय कोतवाली देहात क्षेत्र के पपरेंदा गांव के नजदीक बांदा-बहराई स्टेट हाईवे पर अन्ना पशुओं के सामने आ जाने से ट्राली समेत ट्रैक्टर पलट गया। ट्राली के नीचे दबे लोगों को राहगीरों ने बाहर निकाला और एंबुलेंस और अन्य वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया।
ट्रैक्टर चालक इंद्रपाल (40) समेत संगीता (30) पत्नी रामलखन, धुंधी (40) पत्नी सूरजपाल, भूरी (60) पत्नी कालका, सेमिया (60) पत्नी देवीदयाल, गंगिया (50) पत्नी बबुआ (निवासीगण पिपरहरी) और माया (40) पत्नी फूलचंद्र व उसका पुत्र कुलदीप (12) निवासी गजनी (तिंदवारी) तथा शोभालाल (46) पुत्र प्रीतम (तिंदवारी) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।