बांदा। वित्तीय समावेशन जागरुकता कार्यक्रम में इलाहाबाद बैंक के उप महाप्रबंधक आरसी वर्मा (कोलकाता) ने बैंक अधिकारियों से कहा कि निम्न वर्गों को बैंकों से जोड़ें। प्रत्येक महिला-पुरुष का कम से कम एक बचत खाता बैंक में जरूर खुलवाएं। ताकि खाते को आधार से लिंक करके सरकारी योजनाओं का लाभ उनके खाते में पहुंचाया जा सके।
सोमवार को जेएन डिग्री कालेज सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक ने कहा कि घरों में रखी पूंजी जो बेकार पड़ी है उसका उपयोग जन कल्याण के लिए करने को बैंकों में समावेश जरूरी है। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। देश की उन्नति भी होगी।
चित्रकूटधाम मंडल प्रमुख राजेश ने कहा कि बैंक मित्र और प्रबंधक रबी फसल में गरीब किसानों को अधिक से अधिक फसल ऋण वितरित करें। ताकि किसानों को फसल बीमा का लाभ मिल सके। गैर ऋणी किसानों को भी बीमा के लिए प्रेरित करने को कहा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक उमेश ने किया। हमीरपुर एलडीएम माजी, महोबा एलडीएम एसके साहू, बांदा मुख्य ब्रांच के प्रशांत सिंह और सिविल लाइन ब्रांच के जीके ढींगरा आदि शामिल रहे।