बांदा। बिजली गिरने से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार दोपहर दो और लोगों की बिजली गिरने से मौत हो गईं। मरने वालों में एक युवक और दूसरा किशोर है। 48 घंटों के दौरान बिजली गिरने से होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। इसके अलावा छह से ज्यादा लोग झुलस गए। कई मवेशियों की भी मौत हुई है।
कालिंजर थाना क्षेत्र के पुरैनिया गांव में शुक्रवार को दोपहर अखिलेश पटेल (24) पुत्र जुझार पटेल और सुनील उर्फ छोटू (10) पुत्र राजी खेत में भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान बारिश होने लगी। बिजली गिरने से दोनों की वहीं मौत हो गई। एक अन्य घटना में बरुआ स्योढ़ा गांव में कुलसारी गांव का मुगलू (22) पुत्र चुन्ना रिश्तेदारी आ रहा था।
रास्ते में बिजली गिरने से वह झुलस गया। उसे पीएचसी में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि बिजली गिरने से बुधवार को भी जिले में दो मौतें हुई थीं। बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव में छंगू (15) पुत्र झल्लू सविता और नरैनी क्षेत्र के धूूमर पुरवा में शोभा (52) पत्नी सहदेव यादव की आकाशीय बिजली से मौत हो गई थी। तीन अन्य महिलाएं झुलस गईं थी।
गाज गिरने से फूंके बिजली उपकरण
नरैनी। गाज ने बिजली उपभोक्ताओं को भी तगड़ी चपत लगाई। बांदा रोड पर चंद्रपाल राजपूत के कारखाने पर शुक्रवार को दोपहर बिजली गिर गई। इससे घर के तमाम बिजली उपकरण फुंक गए। मीटर, सबमर्सिबल पंप, पंखे, वायरिंग आदि ध्वस्त हो गए। हालांकि घर के लोग बाल-बाल बच गए।
बिजली गिरने से पांच मवेशियों की मौत
बबेरू। आकाशीय बिजली ने पांच मवेशियों को भी लील लिया। कमासिन थाना क्षेत्र के भदांव गांव में जगनंदन और मेड़ेलाल के एक-एक बैल तथा गोरेलाल यादव की गाय मर गई। उधर, बिसंडा थाने के कोर्रही गांव में आसमा पत्नी साबिर हुसैन और भिक्खू की एक-एक भैंस मर गई। इन सभी पशुओं की कीमत लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है।