अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। सफाई निरीक्षक ने वार्डों और सड़कों की सफाई में लापरवाही बरतने के आरोप में सफाई नायक व सफाई कर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दो सफाई नायक समेत पांच सफाई कर्मियों का एक-एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया।
नगर पालिका परिषद सफाई निरीक्षक हरीशंकर निरंजन ने गुरुवार को शहर के कई वार्डों और सड़कों की सफाई का जायजा लिया। मढ़ियानाका (महामाई मंदिर) में जगह-जगह नालियां गंदगी से बजबजाती मिली। इस पर सफाई नायक महेश्वरीदीन और सफाई कर्मचारी बाबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बाबूलाल चौराहा, बलखंडी नाका और कैलाशपुरी मार्ग पर संतोषजनक सफाई न मिलने पर सफाई नायक संतोष कुमार और राजाराम का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए। सफाई कर्मचारी रामू और सूरज को बैठे पाए जाने पर दोनों का एक दिन का वेतन काटने को कहा।
वार्ड-18 में सफाई कर्मचारी गोविंद और अनीता गपशप करते मिले। वार्ड-22 में सफाई कर्मी रंजीत ड्यूटी से नदारद मिला। वार्ड-14 में कमल और लीला ड्यूटी पर नहीं मिलेे। सफाई निरीक्षक ने सभी का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए।
-दो सफाई नायक समेत पांच का वेतन रोका
-वार्डों और सड़क पर मिले गंदगी के ढेर