बांदा। बिजली बिल में सरचार्ज माफी योजना के प्रति बकायेदारों को आकर्षित करने में बिजली विभाग नाकाम रहा। चित्रकूटधाम मंडल के लगभग 20 हजार बकायेदारों में मात्र 8261 (41 प्रतिशत) ने ही इस योजना में 14 करोड़ 11 लाख रुपये जमा किया। मंडल के 14,112 बकायेदारों ने योजना से प्रभावित होकर पंजीकरण तो करा लिया लेकिन उसके बाद बकाया जमा करने में 5851 उपभोक्ता पीछे हट गए। सिर्फ 8261 बकायेदारों ने 14.11 करोड़ रुपये जमा किए। अब पावर कारपोेरेशन बकायेदारों पर दबाव बनाने की तैयारी कर रहा है।
सरचार्ज माफी योजना में शामिल होने के लिए बकायेदारों को 31 मई तक एक हजार रुपये जमा कर पंजीकरण कराना अनिवार्य था। बांदा जनपद में लगभग 7 हजार बकायेदारों में 5290 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। इसी तरह हमीरपुर में साढ़े 5 हजार बकायेदारों में 4349, चित्रकूट में 3 हजार बकायेदारों में 2063 और महोबा जनपद में लगभग 3300 बकायेदारों में 2410 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया।
पावर कारपोरेशन के मुख्य अभियंता अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि बांदा में पंजीकृत बकायेदारों से 5.65 करोड़ रुपये वसूले गए। मंडल के अन्य जिलों में यह सबसे ज्यादा है। महोबा में 1.40 करोड़, हमीरपुर 4.70 करोड़ और चित्रकूट मेें 2.27 करोड़ रुपये जमा हुए। उधर, बांदा के उप खंड अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि सरचार्ज माफी योजना में अभी दो दिन बिल और जमा किए जा सकते है।
इसके बाद वसूली में सख्ती की जाएगी। मुख्य अभियंता अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि चारों जनपदों में सरकारी विभागों पर 42 करोड़ रुपये बिजली बिल बकाया है। इसे अदा करने के लिए इन विभागों के मुख्यालयों को पत्र भेजा गया है। मुख्य अभियंता ने बताया कि 24 जून से पूरे मंडल में वसूली अभियान चलेगा।
10 हजार से ज्यादा के बकायेदारों से बिल वसूली के लिए दबाव बनाया जाएगा। यह भी बताया कि जिन उपभोक्ताओं के घर में मीटर नहीं हैं वहां मीटर लगेंगे। संबंधित क्षेत्र के अवर अभियंता टीम का नेतृत्व करेंगे। रोजाना वसूली रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
-उपभोक्ताओं को आकर्षित करने में पावर कारपोरेशन नाकाम
-20 हजार में मात्र 8261 ने की योजना की अदायगी
अमर उजाला ब्यूरो