बांदा। बाइकों की भिड़ंत में महिला प्रधान के देवर की मौत हो गई। पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। एक घायल को कानपुर रेफर कर दिया गया। कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
बिसंडा थाना क्षेत्र के अघरोरी गांव का शिवमूरत कुशवाहा (30) पुत्र रामदास शनिवार को रात अपने भतीजे शिवम (25) पुत्र रामचंद्र के साथ बाइक पर भांजे गनेश की बारात में शामिल होने खुरहंड से बिलगांव जा रहा था। गिरवां थाना क्षेत्र के बिगहना संपर्क मार्ग के पास सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई।
सिर पर गंभीर चोटें आने की वजह से शिवमूरत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक में पीछे बैठा भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार गिरवां थाना क्षेत्र के बनसखा गांव का राजाभइया (57) पुत्र भाऊराम और उसका पुत्र सुधीर (25) भी घायल हो गए।
यूपी-100 ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। शिवम की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। पंचनामा भरकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई राधेश्याम ने बताया कि मृतक पेश से किसान था। उसके नाम छह बीघा जमीन है।
मृतक अपने पीछे पत्नी व दो पुत्र छोड़ गया है। मृतक की भाभी गांव की प्रधान है। उसका कहना है कि अगर शिवमूरत हेलमेट लगाए होता तो शायद उसकी जान बच जाती। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर पर गंभीर चोटों से मौत की पुष्टि हुई है।
-हेलमेट न होने से सिर पर आईं चोटें बनीं मौत की वजह
अमर उजाला ब्यूरो