बांदा। होली के त्योहार पर प्रशासन आम लोगों के लिए बिजली, पानी व सफाई के लिए समुचित प्रबंध करेगा, लेकिन अगर किसी ने शराब पीकर उत्पात मचाने की जुर्रत की तो उसे जेल जाना पड़ेगा। यह चेतावनी सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने दी।
अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने होली का पर्व शांतिपूर्ण मनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बिजली, पानी व सफाई का पूरा प्रबंध किया जाएगा। बिजली, पानी और सफाई की संबंधित विभाग समुचित प्रबंध करें। अपर पुलिस अधीक्षक भरत पाल ने समस्त क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि होलिकादहन वाले स्थानों पर पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करें।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस का लगातार भ्रमण कराएं। शराब के ठेकों को बंद करा उनकी चाभी थाने में रखें। शराब पीकर उत्पात मचाने वालों को जेल भेजें। डीजे नियंत्रित आवाज से ज्यादा न बजे। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, तहसीलदार आदि मौजूद रहे।