अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में अब पीआरडी जवान भी ट्रैफिक नियंत्रण करते नजर आएंगे। युवा कल्याण महानिदेशक ने जिलाधिकारियों से जरूरत के मुताबिक जवानों को ड्यूटी पर लगाकर उनके भत्ता के लिए मांग पत्र भेजने को कहा है।
मंडल में ट्रैफिक पुलिस की काफी कमी है। ऐसे में हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। बांदा जनपद में 17 यातायात कांस्टेबल के सापेक्ष महज 7 की तैनाती है। हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट में भी स्वीकृत पदों के सापेक्ष गिनेचुने जवान हैं। मुख्य सचिव के 14 सितंबर के निर्देश का हवाला देते हुए युवा कल्याण प्रांतीय महानिदेशक रमेश मिश्रा ने जिलाधिकारियों व युवा कल्याण अधिकारियों को पत्र भेजा है।
इसमें उन्होंने कहा है कि सुव्यवस्थित ढंग से ट्रैफिक संचालन के लिए होमगार्ड, पीआरडी व एनसीसी कैडेट्स को तैनात किया जाए। खासकर यातायात संचालन में प्रशिक्षित पीआरडी जवानों को ड्यूटी में लगाया जाए। 15 नवंबर तक जरूरत के अनुसार ड्यूटी पर लगाए जाने वाले पीआरडी जवानों की सूची व मांग पत्र भेजा जाए। ताकि उनके ड्यूटी भत्ता के लिए समय से बजट भेजा जा सके। गौरतलब है कि मंडल में करीब 1800 प्रशिक्षित पीआरडी जवान हैं।
इनमें से महज 30 फीसदी को ही ड्यूटी मिल रही है। अन्य जवान घरों में बैठने को मजबूर हैं।
युवा कल्याण अधिकारी रवींद्र कुमार पटेरिया ने बताया कि पीआरडी जवानों की यातायात ड्यूटी के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा गया है। उनके मांगपत्र के आधार पर जवानों को ट्रैफिक ड्यूटी में लगाया जाएगा।
-प्रशिक्षित जवानों को मिलेगी ट्रैफिक ड्यूटी
-महानिदेशक ने जिलाधिकारियों को जारी किए निर्देश
-ड्यूटी भत्ता बजट को 15 तक मांगी जवानों की सूची