बांदा/जसपुरा। मुख्यालय में आयोजित पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल होने आ रहे ग्राम प्रधान की बाइक के ऊपर अचानक वनरोज गिरने से वह और उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही पीछे से दूसरी बाइक से आ रहे दो अन्य लोग भी इसी हादसे में घायल हो गए। बोलेरो की टक्कर लगने पर वनरोज ऊपर गिरा था। चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पैलानी थाना क्षेत्र के रेहुंटा ग्राम प्रधान प्रभुदयाल निषाद (48) पुत्र सुंदरलाल मंगलवार को दोपहर बाइक पर अपने साथी अमलोर गांव निवासी छोटेलाल मिस्त्री (58) पुत्र चुनकउना के साथ बांदा आ रहे थे। कालेश्वर मंदिर के नजदीक बांदा से जा रही तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से वनरोज उछलकर बाइक पर आ गिरा।
जिससे प्रधान और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इनकी बाइक के पीछे आ रही एक अन्य बाइक पर सवार रणछोड़दास इंटर कालेज के शिक्षक सुरेंद्र कुमार (32) पुत्र इंद्रजीत (बिजलीखेड़ा) व श्याम सिंह यादव (40) पुत्र रामसेवक (डीएम कालोनी) भी दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो गए।
सूचना पर परिजनों और शिक्षकों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हेलमेट लगा रहने से प्रधान और शिक्षक के सिर पर ज्यादा चोट नहीं आई। एक अन्य घटना में डिघवट गांव निवासी कालका प्रसाद (35) पुत्र बिंदा प्रसाद मंगलवार को सुबह बांदा से गांव जाते समय ब्रेकर में बाइक से गिरकर घायल हो गया।
वनरोज को तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी थी टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो