बांदा। प्रदेश में आपराधिक मामलों से ज्यादा मौतें सड़क दुर्घटना में हुईं हैं। यातायात जागरूकता सप्ताह में प्रशिक्षकों ने यह आंकड़े बताए और प्रोजेक्टर के जरिए कई हादसों के वीडियो भी दिखाए। छात्राओं से दोपहिया वाहन सवारों को हेलमेट पहनने और कार सवारों को सीट बेल्ट बांधने के लिए प्रेरित करने को कहा।
राजादेवी पोस्ट ग्रेजुएट कालेज सभागार में सीओ ट्रैफिक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट बांधने से जान जाने का खतरा कम रहता है। प्रभारी निरीक्षक यातायात मुन्नाबाबू निरंजन व प्रशिक्षक आफाक खां ने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2016 में आपराधिक मामलों में 5,053 मौत हुई थी।
जबकि 19,332 मौतें सड़क दुर्घटना में हुईं। इन्हीं आंकड़ों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक शालिनी ने जागरूकता अभियान के निर्देश दिए हैं। प्रोजेक्टर के जरिए सड़क हादसों के वीडियो दिखाए। छात्र-छात्राओं से घर के लोगों को भी जागरूक करने को कहा। प्रशिक्षकों ने एंबुलेंस को रास्ता देने की भी नसीहत दी।
द्वितीय सत्र में छात्राओं ने नाटक के जरिए यातायात नियम बताए। ‘सावधानी हटी-दुर्घटना घटी’ व ‘यमराज’ नाटक सराहा गया। प्राचार्य डा.रविकुमार चौरसिया ने स्मृति चिह्न भेंट किए। इस दौरान गोविंद दीक्षित, सतीश सिंह पटेल, दीप्ति द्विवेदी, दिनेश श्रीवास, आकांक्षा दीक्षित, द्वारिका प्रसाद यादव मौजूद रहे। संचालन प्रवक्ता सत्यम मिश्रा ने किया।
-यातायात जागरूकता सप्ताह में सीओ ट्रैफिक ने छात्र-छात्राओं को दी सलाह
-बोले, आपराधिक मामलों से ज्यादा सड़क हादसों में हुई मौतें
अमर उजाला ब्यूरो