बांदा में अन्ना मवेशियों की मौत से आक्रोशित होकर जाम लगाए ग्रामीणों से बात करते इंस्पेक्टर नीरज ?
- फोटो : BANDA
तिंदवारी (बांदा)। बांदा-टांडा हाईवे फिर अन्ना गायों के खून से लाल हो गया। सड़क पर बैठी 18 गायों को बुधवार की आधी रात ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें 13 की मौके पर मौत हो गई। पांच गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं। शवों के टुकड़े दूर तक बिखर गए। बृहस्पतिवार की सुबह जैसे ही ग्रामीणों ने शव देखे तो उनका गुस्सा भड़क गया। भीड़ ने जाम लगाकर हाईवे पर आवागमन रोक दिया। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ग्रामीणों को समझा सकी। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम कराकर दफनाया।
तिंदवारी क्षेत्र के मुंगुस गांव के पास करीब 18 अन्ना गायें रात में बैठी थीं। ये सभी आधी रात के बाद हादसे का शिकार हो गईं। हाईवे दूर तक खून से रंग गया। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। सुबह ग्रामीणों ने गायों के शव और घायल गायों को तड़पते देखा तो हाईवे पर जाम लगा दिया। दोनों तरफ बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों की लाइन लग गई। एसडीएम सुरजीत सिंह और पुलिस ने ग्रामीणों को ट्रक चालक के विरुद्ध कार्रवाई और मुंगुस में अस्थायी गोशाला बनवाने का भरोसा दिलाकर ढाई घंटे बाद सुबह साढ़े आठ बजे जाम खत्म कराया।
मूंगुस गांव के जगदीश त्रिवेदी समेत अन्य ग्रामीणों ने तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस दौरान मौके पर नायब तहसीलदार राजकुमार भदौरिया, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज सिंह, दरोगा राम दिनेश तिवारी, कमला प्रसाद मिश्रा, कुरसेजा चौकी प्रभारी श्यामधर बिंद, प्रधान प्रतिनिधि कल्लू पहलवान समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।