अतर्रा। 179 बोरी सरकारी गेहूं को मंडी परिसर में बेचने के मामले की जांच शुरू हो गई। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने इस प्रकरण की जांच क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी समीर शुक्ला को सौंपी है। समीर शुक्ला ने टीम के साथ जांच शुरू कर दी।
अतर्रा ग्रामीण मजरा के कोटेदार पर आरोप है कि उसने मई का आवंटित 179 बोरी गेहूं मंडी परिसर के गोदामों में बेच दिया था। कोटेदार ने फर्जी दस्तावेजों में अधिकारियों के हस्ताक्षर भी करा लिए। इस पूरे प्रकरण की शिकायत ग्रामीणों ने डिप्टी आरएमओ से की थी।
इस पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी समीर शुक्ला को जांच सौंप दी। जांच अधिकारी समीर शुक्ला ने बताया कि कोटेदार के तथा परिवार के नाम अंत्योदय राशन कार्ड बना है। इसकी जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। दूसरी ओर खाद्य आपूर्ति निरीक्षक याकूब ने कहा कि राशन कार्ड सत्यापन लेखपालों की टीम से कराया जा रहा है। अपात्रों को तत्काल खारिज किया जाएगा।