बांदा। केंद्र और प्रदेश सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘स्वच्छता मिशन’ को और पंख लगेंगे। ‘अमर उजाला’ फाउंडेशन और उत्तर प्रदेश सरकार ने मिलकर यह बीड़ा उठाया है। इसी क्रम में मंडल स्तर पर स्वच्छता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। बुधवार यानी 23 अगस्त को बांदा में मंडल स्तरीय ‘स्वच्छता जागरूकता पहल’ सेमिनार होगा। अगले दिन 24 अगस्त को मंडल मुख्यालय में विशेष सफाई अभियान चलेगा। स्वच्छता विषय पर स्कूलों में पोस्टर पेटिंग प्रतियोगिता होगी। इसमें टाप-10 प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रथम तीन प्रतिभागी लखनऊ में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित होंगे। शेष को मंडल मुख्यालय में सम्मान मिलेगा।
बुधवार को शहर के आर्य कन्या इंटर कालेज में प्रात: 11 बजे मंडलायुक्त अजय कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में मंडल स्तरीय सेमिनार होगा। प्रदेश सरकार द्वारा स्वच्छता को लेकर चलाई जा रहीं योजनाओं की चर्चा होगी। इस क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र आदि देकर आयुक्त और डीएम सम्मानित करेंगे। सेमिनार में सभी को स्वच्छता संबंधी शपथ भी दिलाई जाएगी।
स्वच्छता मिशन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी, व्यापारी, प्रधानाचार्य, ग्राम प्रधान, स्वेच्छा प्रहरी, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी और स्वच्छता क्षेत्र में बेहतर काम करने वालों को आमंत्रित किया गया है। अगले दिन 24 अगस्त को शहर के चिह्नित क्षेत्र में अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवियों तथा सफाई प्रेमी नागरिकों के साथ सफाई अभियान चलेगा।
मंडल के चारों जिलों में कक्षा-7 से 10 तक के विद्यार्थियों की चित्रकला प्रतियोगिता होगी। हरेक जिले में पेंटिंग शीट स्कूलों को ‘अमर उजाला’ द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। तीन दिन के अंदर पोस्टर बनाकर अपने स्कूल के माध्यम से ‘अमर उजाला’ कार्यालय, बांदा में जमा करना होगा। हरेक पोस्टर के साथ चार स्वच्छता शपथ पत्र भी भरवाए जाएंगे। जिन्हें विद्यार्थी अपने घर वालों से भरवाएगा। बिना शपथ पत्र के पोस्टर जमा नहीं होगा।
मंडलायुक्त के नेतृत्व में गठित पैनल 10 सर्वश्रेष्ठ पोस्टर चयनित करेगा। फिर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
मंडलायुक्त ने इस बाबत मंडल स्तरीय संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उधर, स्वच्छता मिशन में पहले से ही बढ़चढ़कर दिलचस्पी के साथ जुटे बांदा डीएम महेंद्र बहादुर सिंह भी आयोजन में स्वच्छता प्रेमियों
और मिशन में बेहतर काम करने वालों को प्रेरित और पुरस्कृत करेंगे।
-‘अमर उजाला फाउंडेशन’ और यूपी सरकार का संयुक्त आयोजन
-आयुक्त की अध्यक्षता में अफसर करेंगे भागीदारी
-स्वच्छता क्षेत्र में बेहतर करने वालों को सम्मान
अमर उजाला ब्यूरो