तिंदवारी। मां की साड़ी का फंदा बनाकर 17 वर्षीय बेटी ने जान दे दी। परिजन और पुलिस मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की दलील दे रहे हैं। उधर, पिता की पैरवी पर शव का पोस्टमार्टम किया गया।
थाना क्षेत्र के भुजरख गांव में राममोहन विश्वकर्मा की बेटी रूबी (17) मंगलवार को दोपहर घर में थी। बूढ़ी दादी दूसरे कमरे में थी। घर के अन्य लोग खेत पर थे। दिन में करीब तीन बजे उसने खपरैल पर मां की साड़ी बांधकर दूसरा छोर गर्दन में कस लिया और फांसी पर झूल गई।
कुछ देर बाद खेत से लौटे माता-पिता ने शव लटका देखा। तत्काल फंदे से उतारकर तिंदवारी पीएचसी ले गए। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रूबी दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ी थी। पिता राममोहन विश्वकर्मा ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। मौसी राजकली ने बताया कि वह अपनी बुआ के यहां खजुहा (बिंदकी, फतेहपुर) में रहकर पढ़ाई करती थी। पिछले वर्ष हाईस्कूल में फेल हो गई थी। इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन ने परिजनों के हवाले से बताया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ किशोरी ने आत्महत्या की है।