बांदा। विश्व मधुमेह दिवस पर बुधवार को शहर में डायबिटिक वॉक रैली निकाली जाएगी। इसमें आम नागरिकों के अलावा स्वयंसेवी संस्थाओं को भी आमंत्रित किया गया है। महिला अस्पताल में नि:शुल्क जांच शिविर लगेगा। कस्बों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी डायबिटिक की मुफ्त जांच की जाएगी।
डायबिटीज के प्रति लोगों को जागरूक और सतर्क करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जैन हॉस्पिटल तथा महावीर शिक्षण संस्थान संयुक्त रूप से पूरे प्रदेश में जिला और ब्लाक स्तर पर ग्लोबल डायबिटिक वॉक रैली का आयोजन कर रहे हैं। अमर उजाला फाउंडेशन भी इसमें सहयोग करेगा। इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन ने इस विशेष दिवस की थीम- ‘परिवार एवं मधुमेह’ तय की है।
रीजनल कोआर्डिनेटर कुमारी नेहा चौरसिया ने बताया कि बुधवार को प्रात: 10 बजे बांदा शहर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से रैली रवाना होगी। यह जिला परिषद चौराहा, जामा मस्जिद, गूलरनाका, चौक बाजार, शंकर गुरु चौराहा से होते हुए नगर पालिका कार्यालय परिसर में आकर खत्म होगी। बताया कि मधुमेह दिवस के अवसर पर जिला महिला अस्पताल में नि:शुल्क डायबिटीज, हाइपर टेंशन, बीएमआई की जांच की जाएगी।