सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में परीक्षार्थियों की तलाशी लेतीं शिक्षिकाएं।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी बोर्ड परीक्षा के 12वें दिन प्रथम पाली में हाईस्कूल चित्रकला की परीक्षा हुई। पंजीकृत 19,570 परीक्षार्थियों में 17,988 परीक्षा में सम्मिलित हुए। 1582 ने परीक्षा से किनारा कर लिया। इंटर भौतिक विज्ञान में पंजीकृत 5,207 परीक्षार्थियों में 5002 परीक्षा दी। 205 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। बोर्ड द्वारा लगाई गई सख्त रोक के बाद परीक्षार्थियों के जूते-मोजे उतराए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा कर्मी भी नजर नहीं आ रहे।
जीजीआईसी, बांदा की हाईस्कूल की छात्रा रोशनी ने बताया कि उसके जूते-मोजे कक्ष के बाहर उतरवा लिए गए। आर्य कन्या इंटर कालेज में भी परीक्षार्थियों के साथ यही रवैया अपनाया गया। डीआईओएस हिफजुर्रहमान ने कहा कि परीक्षार्थियों के जूते-मोजे न उतराए जाने संबंधी बोर्ड के निर्देशों से केंद्र व्यवस्थापकों को अवगत करा दिया गया है।
संस्कृत बोर्ड की परीक्षाएं पांच मार्च से
बांदा। माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की प्रथमा, मध्यमा की बोर्ड परीक्षा पांच मार्च से शुरू होंगी। दस दिन तक चलने वाली परीक्षा में 1763 संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल होंगे। डीएवी इंटर कालेज बांदा, सरस्वती इंटर कालेज, हिन्दू इंटर कालेज अतर्रा, गांधी इंटर कालेज पनगरा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा दो पालियों में होगी।