ज्वैलरी पर हॉल मार्किंग अब 15 जून से
बांदा। ज्वैलरी पर हॉल मार्किंग अब 15 जून से लागू होगी। पूर्व में यह पहली जून से लागू की जा रही थी। व्यापारियों की मांग पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने तिथि बढ़ाई है। कंफेडरेशन आफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ कैट के व्यापारियों की वर्चुअल मीटिंग हुई। इसमें कैट के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने ज्वैलरी पर पहली जून से हॉल मार्किंग लागू करने की तिथि बढ़ाने की मांग की। महासचिव के मुताबिक केंद्रीय मंत्री ने अब यह तिथि 15 जून कर दी है। कैट प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र गोयल और जिलाध्यक्ष अमित सेठ भोलू ने बताया कि वाणिज्य मंत्रालय और आभूषण व्यवसायियों के संगठनों और आभूषण व्यापारियों की संयुक्त समिति गठित की गई है। यह ट्रेड की समस्याओं पर विचार कर सुझाव देगी। कमेटी में पंकज अरोड़ा (कानपुर) और रेनू शर्मा (दिल्ली) को भी शामिल किया गया है। (संवाद)