शहर में पेयजल संकट और केन नदी में 10 किलोमीटर के दायरे में सभी खनन पट्टे निरस्त करने की मांग लेकर आमरण अनशन कर रहे बुंदेलखंड किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल शर्मा ने चेतावनी दी है कि नदी से मशीनें शीघ्र नहीं हटाई गई तो हजारों किसान नदी की ओर कूच करेंगे। चौथे दिन अनशन स्थल पर किसान नेताओं ने मुंडन कराकर विरोध जताया।
स्वतंत्रता स्मारक अशोक लाट में आमरण अनशन पर बैठे किसान यूनियन अध्यक्ष ने अनशन स्थल पर ही अपना मुंडन कराया। उनके सहयोगी किसानों ने भी सिर मुंडवाए।
सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर राजीव प्रताप सिंह अनशन स्थल पहुंचे अनशन खत्म करने को कहा। लेकिन किसान नेता ने इनकार कर दिया।
कहा कि नदी से मशीनेें तत्काल हटवाई जाएं। वरना हजारों किसान नदी के लिए पैदल मार्च करेंगे और नदी बचाएंगे। उधर, पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल भी शनिवार को अनशन स्थल पहुंचे और मांगों को जायज बताते हुए समर्थन किया।
अनशन में यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण कुमार, महामंत्री गजबदन शुक्ला सहित बालाजी, राकेश साहू, चतुर्भुज पटेल, राजा मनीष तिवारी, अमोल यादव, मोहित यादव, छेदीलाल यादव, रामगोपाल सिंह, बलराम पांडेय, पूरनलाल राजपूत, संतोष यादव, राजकुमार अग्रवाल (फतेहपुर), उमा सिंह आदि उपस्थित रहे।