अमर उजाला ब्यूरो
बांदा । अन्ना जानवर किसान की दो बीघे में बोई गेहूं की फसल चर गए। सदमे से किसान की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के अतर्रा ग्रामीण के अंश फौजदार का पुरवा में किसान बब्बू (40) पुत्र जग्गा ने दो बीघे में गेहूं की फसल बोई थी। मचान बनाकर फसल की दिन-रात अन्ना जानवरों से रखवारी करता रहा। शनिवार को रात करीब 12 बजे उसे नींद लग गई। भोर में 4 बजे आंख खुली तो खुली रह गईं।
दो बीघे की फसल अन्ना जानवर चट कर चुके थे। किसान को सदमा लग गया। सीने में तेज दर्ज हुआ तो भाई रज्जन को फोनकर बुलाया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद किसान की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
भाई रज्जन ने बताया कि पीड़ित बब्बू ने ब्लाक से महंगे दामों में बीज खरीद कर दो बीघे में गेहूं बोया था। कर्ज कर दो बार सिंचाई की और खाद डाली। उसे गेहूं की लहलहाती फसल से विशेष उम्मीदें थीं। लेकिन शनिवार की रात अन्ना जानवरों के झुंड ने पल भर में उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
दो बीघे की फसल चर गए अन्ना जानवर
सदमे से किसान की हालत बिगड़ी, भर्ती