बांदा। नमस्ते! कैसे हैं आप? वोट देंगे या नहीं? पिछली बार वोट डाला था या नहीं? यदि नहीं तो क्यों? जल्द ही हर मतदाता से उसके घर आकर कोई कर्मचारी यही सवाल करेगा। उसके मोबाइल फोन का नंबर लेगा। मतदान के प्रति नकारात्मक सोच है तो इसे सकारात्मक बनाने के लिए उपाय करेगा।
90 फीसदी से ज्यादा मतदान का लक्ष्य हासिल करने के लिए चल रही चौतरफा तैयारियों में एक तरीका यह भी होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम हीरालाल ने जिले के हर बूथ पर एक कर्मचारी/बीएलओ को यह जिम्मा सौंपा है। कर्मचारी अपने साथ संबंधित वार्ड/मोहल्ले की वोटरलिस्ट भी रखेगा। मतदाता से मिलकर शिष्टाचार वार्ता करेगा और प्रारूप भरवाएगा। इस प्रारूप में मतदाता का पूरा ब्योरा दर्ज होगा। कर्मचारी यह प्रारूप जिला विकास अधिकारी कार्यालय में जमा करेंगे।
उधर, जिले के सभी स्थानीय निकायों में गोष्ठियों के आयोजन शुरू कर दिए गए हैं। गुरुवार को अतर्रा नगर पालिका क्षेत्र में इसका आयोजन हुआ। जनपदीय प्रेरक मतदाता जागरूकता के प्रभारी और यहां के रिटायर्ड सीडीओ जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशों का हवाला देकर निकायों के सभी अधिशासी अधिकारियों को गोष्ठी आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
16 मार्च को बांदा और बबेरू, 17 को मटौंध व तिंदवारी, 18 को ओरन और 19 को बिसंडा व नरैनी में गोष्ठियां होंगी। इन गोष्ठियों में बूथ एडाप्टर, पर्यवेक्षक, प्रभारी अधिकारी मतदाता जागरूकता, बूथ एम्बेस्डर और मतदाता शामिल होंगे।