बांदा। खैरार-कानपुर व झांसी रेल मार्ग पर नवंबर माह में ही इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा। यह बात एडीआरएम संजय सिंह नेगी ने यहां निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने चंबल एक्सप्रेस से झांसी-छिवकी स्टेशन तक रेल लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही अपनी रिपोर्ट संरक्षा आयुक्त को भेजेंगे।
डीआरएम ने निर्देश दिए की इलेक्ट्रिक लाइन के लिए खोदे गए खंभों के गड्ढों में पोल लगाने का काम शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने लॉबी के बाहर खड़ी बाइकों को देखकर नाराजगी जाहिर की। थानाध्यक्ष आरपीएफ ने बताया यह सभी बाइक रेल कर्मियों की है।
स्टेशन का वाहन स्टैंड ठेका खत्म हो जाने से बंद है। बाइक चोरी के भय से यहां पर खड़ी की जा रही है। जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया स्टेशन पर सीसी कैमरे नहीं लगे हैं। इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
इस अवसर पर स्टेशन प्रबंधक बीपी वर्मा, वाणिज्य निरीक्षक संजय कुमार, जीआरपी थानाध्यक्ष पीएल प्रजापति, आरपीएफ थानाध्यक्ष उपदेश कुमार कौशिक, सीटीआई अजय कुमार, डिप्टी सीटीआई मो. तारिक आदि मौजूद रहे।
इसी माह शुरू होगा रेल मार्ग पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन
अमर उजाला ब्यूरो