अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। टेंपो से गिरकर युवक की मौत हो गई। एक अन्य हादसे में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों ने चालक पर शराब पीकर टेंपो चलाने का आरोप लगाया।
शहर कोतवाली के ग्योढ़ी बाबा गांव का नंदू (26) पुत्र रजवा निषाद बुधवार को दोपहर मंडल मुख्यालय से गांव जाते समय रास्ते में टेंपो से गिरकर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि नंदू मजदूरी करता था। आठ माह पूरी उसकी शादी हुई थी। पत्नी मीरा गर्भवती है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
उधर, सवारी लेकर जा रहा तेज रफ्तार टेंपो ददरिया गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। उसमें सवार देहात कोतवाली क्षेत्र के कलेक्टर पुरवा गांव का राजेंद्र (35) पुत्र श्रीकृष्ण, पत्नी रीता (32), पुत्री प्रतिभा (5) व कोमल (3) और भाई अरविंद (27), पत्नी कल्पना (23) तथा पुत्र कुलदीप (4) दबकर घायल हो गए। यह सभी एक ही परिवार के बताए गए हैं। राहगीरों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
अरविंद ने बताया कि चालक शराब पीकर टेंपो तेज रफ्तार में चला रहा था। कई बार मना करने पर भी नहीं माना। दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में यह हादसा हुआ। उधर, बदौसा थाना क्षेत्र के पौहार गांव की सुषमा (40) पत्नी राम सिंह अपने पुत्र के साथ बाइक पर महोबा से गांव जा रही थी। मटौंध के पास ट्रक की टक्कर से गिरकर घायल हो गई।
-घर जाते समय टेंपो से गिरकर युवक मरा
-टेंपो पलटने से एक ही परिवार के 7 लोग जख्मी