बांदा। अलग-अलग हादसों में दो बाइक सवार समेत 13 लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेलमेट न लगाने की वजह से बाइक सवारों के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र के कतरावल गांव निवासी राम प्रकाश (47) पुत्र बाबूलाल मंगलवार को बाइक पर नरैनी कोतवाली क्षेत्र के माखनपुर गांव स्थित मंदिर में भंडारा व कन्या भोज में शामिल होने जा रहे थे। नसेनी गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चला रहे राम प्रकाश समेत पुत्री प्रेमलता (20) व प्रतिमा (13) तथा पुत्र तरुण (10) गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक स्कार्पियो लेकर भाग निकला। एक अन्य घटना में गिरवां थाना क्षेत्र के बहेरी गांव निवासी सुशील (23) पुत्र रामखिलावन मंगलवार को रात बाइक पर गांव लौटते समय राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित छिबांव मोड़ पर पीछे से आ रही बोलेरो की टक्कर से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना होते ही चालक बोलेरो लेकर भाग निकला।
उधर, देहात कोतवाली क्षेत्र के ददरिया गांव निवासी धनीराम (70) पुत्र बोना कोटार्य मंगलवार को शाम खलिहान जाते समय बाइक की टक्कर से घायल हो गया। एक अन्य घटना में मरका थाना क्षेत्र के बनबरौली गांव का सरवन (19) पुत्र मइयादीन मंगलवार को दोपहर टेंपो में बैठकर बबेरु जा रहा था। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पतवन गांव के पास टेंपो सड़क पर पलट जाने से उस पर सवार चार लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू में भर्ती कराया। सरवन की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। अन्य घटनाओं में जसपुरा थाना क्षेत्र के अमारा गांव निवासी आशीष (9) पुत्र रमेश ओसाई पंखा लगने से घायल हो गया। दूसरी घटना में चिल्ला थाना क्षेत्र के डिघवट गांव निवासी शशि (12) पुत्र धनीराम बिजली पोल से गिरकर घायल हो गया।