बांदा। विश्व जल दिवस 22 मार्च को जनपद में ‘भूजल बढ़ाओ, पेयजल बचाओ’ अभियान में चलाया जाएगा। वाटर एड इंडिया साइंस इंस्टीट्यूट, देहरादून और अखिल भारतीय सेवा संस्थान की विकास भवन सभागार में आयोजित संगोष्ठी में डीएम हीरालाल ने कहा कि स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से पेयजल और अन्ना समस्याओं से निपटा जा सकता है।
सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा ने रिचार्ज, भंडारण एवं वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित किया। परियोजना निदेशक राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने अभियान को समय सीमा में बांधकर पूरा करने का सुझाव दिया। पीएसआई के निदेशक डा. अनिल गौतम ने प्रत्येक ब्लाक से एक ग्राम पंचायत का भूजल प्रबंधन प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इंजीनियर पुनीत श्रीवास्तव ने अभियान के तकनीकी पक्ष रखा। गोष्ठी में प्रधान संघ अध्यक्ष संकटा प्रसाद, समस्त बीडीओ, एडीओ, तकनीकी सहायक, समाजिक संगठनों के प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे। परियोजना समन्वयक प्रशंसा गुप्ता ने सभी का आभार जताया।