बांदा। मंडलायुक्त ने कार्यों में शिथिलता और अनटाइड फंड में असंतोषजनक खर्च पर अपर निदेशक स्वास्थ्य का अगस्त माह का वेतन रोक दिया। कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए एंबुलेंस सही ढंग से चलाने व जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त अजय कुमार शुक्ला ने समीक्षा बैठक में सोमवार को लापरवाह अफसरों को जमकर क्लास ली। उन्होंने अपर निदेशक स्वास्थ्य ओंकारनाथ कौशल को अक्तूबर माह से मिशन इंद्रधनुष को गंभीरता से चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने हमीरपुर जिले में 509 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में से 431 पर ही आधार फीडिंग होने पर आपत्ति जाहिर की। अमृत योजना के तहत ई-टेंडरिंग में लापरवाही पर जल निगम 16वीं शाखा अधिशासी अभियंता को दो दिन की मोहलत दी।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता सिंचाई नीरज कुमार समेत सभी अफसरों से कहा कि सभी अधिकारी सुबह 9 से 11 बजे तक दफ्तरों में बैठकर शिकायतें सुनें। सिंचाई विभाग के अफसरों से नहरों में पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। ताकि नहर कटान से किसानों का किसी तरह नुकसान न हो।
मयूर भवन सभागार में हुई समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त डीएस उपाध्याय और मंडलीय उप निदेशक एसएन त्रिपाठी समेत सभी मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।
-लापरवाही पर कई अफसरों की ली क्लास
अमर उजाला ब्यूरो