राजस्थानी खोये की मिठाई खाकर 11 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक ने भी फूड प्वाइजनिंग की पुुष्टि की है।
शहर सीमा से सटे कनवारा गांव के मजरा पिपरी निवासी संतोष कुमार का बहनोई बुधवार को राजकोट (राजस्थान) से लौटा तो वह वहां की बनी खोवा की मिठाई साथ लेकर आया। गुरुवार को सुबह संतोष ने मिठाई को पड़ोसियों के बीच बांटी।
मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद सुनीता (45) पत्नी जंडैल, पुत्री रीना (19) व अनीता (25) पत्नी शुभकरन, पुत्र आयुष (1) व पुत्री रेनू (2), तनु (2) पुत्र अरविंद, पदम सिंह का पुत्र अभय (4), पुत्री यशी (2) और राधिका (6) तथा मुन्नी (45) पत्नी महेश सिंह और उसके पुत्र अमर सिंह (16) को उल्टी-दस्त शुरू हो गए। हालत बिगड़ने पर ग्रामीणों के हाथ पैर फूल गए। आनन-फानन सभी को जिला अस्पताल लाया गया। यहां ट्रामा सेंटर के इमरजेंसी में सभी का इलाज हुआ।
जिला अस्पताल के ईएमओ डा.प्रदीप गुप्ता ने बताया कि बासी खोवा की मिठाई खाने से सभी को फूड प्वाइजनिंग हुई थी। इलाज के बाद सभी की हालत में सुधार है। सभी खतरे से बाहर हैं।