बांदा। महिलाओं के साथ मंदिर दर्शन को जा रही युवती को बाइक सवार जबरन उठा ले गए। देर रात गंभीर हालत में घर पहुंची। उसके पीछे पहुंचे दो युवकों को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि पुलिस इससे इनकार कर रही है। नरैनी रोड पर रहे अपने मौसा के यहां एक माह पहले युवती आई थी।
गुरुवार को मंदिर दर्शन को जाते समय कुछ युुवकों ने जबरन उसे बाइक पर बैठा लिया। रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर सुनसान खंडहर में ले गए। वहां कुछ अन्य युवक भी आ गए। बताते हैं कि दोनों गुटों के बीच तनातनी होने लगी और तभी युवती मौका पाकर भाग निकली। उसका पीछा करते आए दो युवक मौसी के घर में घुस गए। घर के लोगों ने उन्हें पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। दूसरी तरफ थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह ने कहा कि युवती के मौसेरे भाई ने ऐसी घटना से इनकार किया है। परिजन कुछ भी नहीं बता रहे हैं।