बांदा। जेल में दस दिन तक बंदियों के पास बाहरी सामान नहीं जाएगा। पहले परिजन मुलाकाती पर्ची कटवाकर सामान जेल के अंदर बंदियों तक भेज देते थे। जेल प्रशासन ने कोरोना संक्रमण का हवाला देते हुए जेल के अंदर जाने वाले किसी भी तरह के बाहरी सामान पर रोक लगा दी है।
लॉकडाउन के बाद से जेल में बंदियों की मुलाकात बंद है। जेल प्रशासन ने बंदियों को फोन पर परिजनों से बातचीत करने व घर से सामान मंगाने की सहूलियत दी थी। बंदी जेल प्रशासन की इस व्यवस्था से संतुष्ट थे। तीन माह बाद जेल प्रशासन के नए आदेश से बंदियों के परिजनों में खलबली मच गई है। जेल प्रशासन ने 23 जुलाई से दस दिन के लिए जेल के अंदर आने वाले बाहरी सामान पर रोक लगा दी है। कारागार अधीक्षक आरके सिंह ने बताया कि इस तरह का शासन का कोई आदेश नहीं है। बंदियों की सहमति पर बाहरी सामान की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। बंदी कोरोना संक्रमण के इस दौर में बाहरी सामान से परहेज कर रहे हैं। इससे कि जेल कोरोना संक्रमण की महामारी से बची रहे। हालांकि बंदियों का परिजनों से फोन पर बात कराने का सिलसिला जारी रहेगा।