बलरामपुर। हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र के पचपकड़ी गांव में शनिवार देर रात ग्रामीणों ने एक युवक को बच्चा चोर समझकर बिजली के खंभे में रस्सी से बांधकर लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। गश्त करने निकली पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया है। पता चला कि वो बच्चा चोर नहीं बल्कि विक्षिप्त है।
पचपकड़ी गांव में मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक शनिवार रात में घूम रहा था। ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर उसे बिजली के खंभे में रस्सी से बांधकर लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस टीम गश्त करते हुए उधर से गुजरी तो ग्रामीणों के चंगुल से युवक को छुड़ाकर थाने ले गई।
प्रभारी थानाध्यक्ष रमाकांत तिवारी ने बताया कि युवक विक्षिप्त है। वह अपना नाम-पता नहीं बता पा रहा है। कभी उन्नाव तो कभी कानपुर बोल रहा है। उसे हरैया के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।