उतरौला (बलरामपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर मोहल्ले में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई है। आर्यनगर मोहल्ले में एक पोल के पास गई गोवंश की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई है। गोवंश की मौत के मामले में लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
उतरौला कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर मोहल्ला निवासी विमलेंद्र उर्फ टीनू पाल ने बताया कि बुधवार की सुबह उनका बेटा अजय (25) दुकान का सामान लेने के लिए लखनऊ जाने की तैयारी कर रहा था। नहाने के बाद अजय तार पर कपड़ा फैलाने लगा। इसी दौरान करंट की चपेट में गया।
बिजली आपूर्ति रुकने के बाद परिवारीजन अजय को अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने अजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं आर्यनगर मोहल्ले में एक बिजली के खंभे पर करंट उतरने से गोवंश की मौत हो गई है। एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन उतरौला रमेश चंद्र ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। गोवंश की मौत के मामले में जांच कराकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।