तुलसीपुर (बलरामपुर)। इस बार जिले के दौरे पर आए सीएम योगी आदित्यनाथ संत की भूमिका में नजर आए। देवीपाटन शक्तिपीठ में प्रवास के दौरान उन्होंने मां पाटेश्वरी की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। गौशाला जाकर गऊ माता की सेवा भी की।
सीएम मंगलवार सुबह मां पाटेश्वरी की आराधना करने पहुंचे। विधि-विधान से आराधना के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर भ्रमण के दौरान सीएम परिसर में बने आदर्श गौशाला पहुंचे। वहां गायों को हरा चारा खिलाकर उन्हें पुचकारा। करीब तीन साल में यह पहली बार हुआ है, जब जनपद दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने किसी भी निजी कार्यक्रम में भाग नहीं लिया।
सोमवार शाम पाटन पहुंचकर उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे एक अनुष्ठान में भाग लिया और उसके बाद विश्राम करने चले गए। रात में उन्होंने स्थानीय विधायकों तथा पूर्व सांसद से मुलाकात कर जिले के हालात पर चर्चा की। सीएम ने अनौपचारिक रूप से अधिकारियों से भी विकास कार्यों तथा परियोजनाओं के प्रगति की जानकारी ली। मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे सीएम भवनियापुर हैलीपैड पहुंचे और वहां से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री को भेंट किया काव्य संग्रह
बलरामपुर। देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर में प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री को बलरामपुर चीनी मिल के महाप्रबंधक विधि एवं कार्मिक राजीव अग्रवाल ने स्वलिखित काव्य संग्रह मुसाफिर हूं यारों तथा कुछ खत मोहब्बत के भेंट की। इस अवसर पर उनकी पत्नी दीपाली अग्रवाल भी मौजूद रही। मुख्यमंत्री ने उन्हें काव्य संग्रह के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।