गौरा चौराहा। बेलहा-बिस्कोहर राजमार्ग पर बुधवार शाम बाइक की टक्कर से शांति देवी (55) की मौत हो गई। घटना ग्राम शेखा के पास हुई। ग्रामीण प्रमोद के अनुसार शांति देवी सड़क पार कर रही थीं तभी ग्राम कुशहवा निवासी विवेक पांडेय और एक अन्य युवक तेज रफ्तार बाइक से पहुंचे और उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला हवा में उछलकर कुछ दूर जा गिरीं, जबकि बाइक सवार भी सड़क पर गिर पड़े।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और गौरा पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घायल शांति देवी को परिजन तत्काल नंदनगर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक हरीश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।