बलरामपुर। ड्यूटी के समय अस्पताल से गायब रहना 12 स्वास्थ्यकर्मियों को भारी पड़ा। शनिवार सुबह मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने जिला क्षय रोग चिकित्सालय एवं संयुक्त चिकित्सालय के बीएसएल टू लैब का निरीक्षण किया। निरीक्षण में 12 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी का वेतन रोकते का निर्देश देते हुए लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला क्षय रोग चिकित्सालय पहुंचे सीएमओ ने निरीक्षण करते हुए उपस्थिति पंजिका को देखा, तो नौ स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी का वेतन रोकने का निर्देश जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सजीवन लाल को दिया। साथ ही अस्पताल भवन व परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी असंतोष जताते हुए इसमें आपेक्षित सुधार लाए जाने की ताकीद की। इसके बाद सीएमओ संयुक्त जिला चिकित्सालय में स्थापित बीएसएल-टू लैब का जायजा लेने पहुंचे। यहां पर भी तीन कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इनका वेतन भी रोकने का निर्देश सीएमएस सीएमएस डॉ. आरके वर्मा को दिया गया।