बलरामपुर। वीकेंड लॉकडाउन को सफल बनाकर कोरोना को हराने का प्रयास किया जा रहा है। एसपी देवरंजन वर्मा के निर्देश पर जिले के सभी 14 कोतवाली व थानों में तैनात बीट पुलिस अधिकारियों व गरुड़ वाहिनी के सदस्यों ने अथक प्रयास कर लॉकडाउन को सफल बनाया।
एसपी ने बताया कि कोविड 19 के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए सरकार, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सप्ताह में दो दिन शनिवार व रविवार को कड़ाई से लॉकडाउन का अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है।
इसी के मद्देनजर जिलेभर में लॉकडाउन सफल बनाने के लिए बीट पुलिस अधिकारियों व गरुड़ वाहिनी की तरफ से अभियान चलाकर लोगों के घरों से बेवजह बाहर निकलने पर रोक लगाई गई। कई स्थानों पर चेकिंग लगाकर बेवजह घरों से बाहर निकले लोगों पर कार्रवाई भी की गई। एसपी ने अपील की है कि दो दिन के लॉकडाउन को सफल बनाकर सभी लोग कोरोना को हराने में मदद करें।