बलरामपुर के मसिहाबाद ग्रिंट में घर पर गिरा पेड़।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। जिले में बीते 12 घंटों के जोरदार बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कीचड़ व जलभराव से जूझना पड़ा। भारी बारिश के चलते रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के पेहर बाजार में अचानक एक पुराना पेड़ा भरभराकर गिर गया। गिरते हुए पेड़ की चपेट में आने से घर की छत, दीवार व पानी की टंकी ध्वस्त होकर ढह गई।
गौरतलब हो कि जिले में कई दिनों से भीषण गर्मी के चलते लोगों का हाल बेहाल था। 23 जुलाई को हल्की बारिश होने के बाद मौसम थोड़ा सुहाना हुआ। बुधवार की भोर में शुरू हुई भारी बारिश दोपहर में थमी।
जिला मुख्यालय के नगर में लोगों को कीचड़ व जलभराव से जूझना पड़ा। उतरौला नगर में भी कीचड़ व जलभराव से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के मसीहाबाद ग्रिंट में गुलाम मोहम्मद के घर पर भारी बारिश के चलते अचानक पुराना पेड़ भर भराकर गिर गया।
पेड़ गिरने से घर की छत, दीवार और पानी की टंकी ध्वस्त हो गई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पेहर बाजार में गांव को जाने वाली सड़क मंदिर के पास तालाब में तब्दील हो गई। करीब एक माह पहले 200 मीटर इंटरलाकिंग कराई गई थी। मानक व गुणवत्ता की अनदेखी के चलते बाजारवासियों की समस्या दूर नहीं हुई है।
बलरामपुर के पेहर बाजार को जाने वाले मार्ग पर हुआ जलभराव।- फोटो : BALRAMPUR