बलरामपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को जनपद के चारों विधानसभा क्षेत्रों के 1724 बूथों पर मतदाता सूची पढ़कर सुनाई गई। सूची से नाम कटने वालों का फॉर्म 6 भरवाया गया। वोटरों से छह फरवरी तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। जांच में नदारद 4,11,200 वोटरों को नोटिस भेजा जा रहा है। सभी कमियां दूर कराकर छह मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
एमपीपी इंटर कॉलेज में रविवार सुबह 10 बजे से ही सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) जुट गए। भाग संख्या 123 के बीएलओ मोहम्मद इरफान के पास मारिया व साकरुनिशा ने नाम में गड़बड़ी होने की शिकायत आई। बीलएओ ने तुरंत समस्या का निस्तारण कराया। बीएलओ संतोष कुमारी से बलदेव गिरि, रोहित, सुनील, नीरज व अर्जुन ने नाम में गड़बड़ी बताई। बीएलओ ने नाम संशोधन कराने का फाॅर्म भरवाया।
बीएलओ विजय कुमार, अर्चना जायसवाल, सुमन बाल्मीकी, सोनी, अलीमुन्निशा व नसरीन फातिमा ने भी वोटरों को मतदाता सूची पढ़कर सुनाई। डीएवी इंटर कॉलेज, भगवती आदर्श विद्यालय, गर्ल्स इंटर कॉलेज व एमडीके बालिका इंटर कॉलेज सहित सदर विधानसभा क्षेत्र में नगर के सभी बूथों पर मतदाता सूची में नाम जानने के लिए पूरे दिन वोटरों की भीड़ जुटी रही। विधानसभा क्षेत्र उतरौला, गैसड़ी व तुलसीपुर के सभी बूथों पर मतदाता सूची में नाम जानने के लिए वोटरों की भीड़ बूथों पर जुटी।
बीएलओ की तरफ से वोटरों की सभी समस्या का समाधान कराया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार जैन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति राय सहित चारों विधानसभा क्षेत्रों में एसडीएम, तहसीलदार, सुपरवाइजर व अन्य अधिकारियों ने बूथों पर जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सुपरवाइजरों व बीएलओ को वोटरों की समस्या दूर कराने का निर्देश दिया।
नए मतदाता बनने के लिए भरें फाॅर्म 6
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति राय ने वोटरों से बताया कि ऐसे पात्र व्यक्ति जो एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष या इससे अधिक आयु पूरी करते हैं और अभी तक वोटर नहीं बने हैं, ऐसे युवक-युवतियां अपने विधानसभा क्षेत्र की वोटरलिस्ट में नाम शामिल कराने के लिए फाॅर्म-6 भरें। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिक फाॅर्म 6 ए, मृतक, शिफ्टेड व डुप्लीकेट नामों को मतदाता सूची से हटवाने के लिए फाॅर्म 7, मतदाता सूची में दर्ज अशुद्धियों को शुद्ध कराने, एक से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरण के लिए फार्म-8 भर सकते हैं। फाॅर्म बूथों पर बीएलओ, मतदाता पंजीकरण केंद्र, संबंधित तहसील व जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किए जाएंगे। वोटर बनने के लिए आयोग के वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
सभी से सहयोग की अपील
जनपद के सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई है कि अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए सहयोग करें। कोई भी अर्ह नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। सभी के सहयोग से सूची में दर्ज नाम, पता, आयु व अन्य त्रुटियों को दूर कराकर साफ-सुथरी मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
-विपिन कुमार जैन, जिला निर्वाचन अधिकारी