बलरामपुर। वर्दी पहनकर एक व्यक्ति से घूस लेते हुए दरोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसपी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया है।
शनिवार शाम एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि रेहरा बाजार थाना क्षेत्र में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहले कर्मी को 500-500 रुपये की नोट के रुप में पैसा दे रहा है। बाद में वह व्यक्ति यह भी कह रहा है कि अब और नहीं है।
मामले की छानबीन में पता चला कि वर्दी पहने हुए कर्मी रेहरा बाजार थाने में तैनात उप निरीक्षक मंगला प्रसाद द्विवेदी है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए रिजर्व पुलिस लाइंस से संबद्ध कर दिया गया है। आरोपी दरोगा के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।