बलरामपुर के महदेइया बाजार में बदहाल पशु चिकित्सालय।
महदेईया बाजार (बलरामपुर)। श्रीदत्तगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत बनगवां में बने राजकीय पशु चिकित्सालय तक पहुंचना पशुपालकों के लिए मुश्किल भरा है। अस्पताल तक जाने के लिए पक्की सड़क नहीं बनाई गई है। बारिश होते ही कच्चा रास्ता चलने लायक नहीं रहता। इससे पशुपालकों के साथ अस्पताल में तैनात चिकित्सकों को भी परेशानी हो रही है।
क्षेत्र के दर्जनों गांवों के पशुपालकों के पशुओं के इलाज के लिए ग्राम पंचायत बनगवां के महदेईया बाजार में राजकीय पशु चिकित्सालय व कृत्रिम गर्भाधान केंद्र महदेईया का निर्माण किया गया था। दो दशक पहले लाखों रुपये की लागत से अस्पताल का निर्माण कराया गया। लेकिन यहां आने-जाने के लिए का रास्ते का निर्माण नहीं कराया गया। आवागमन करने के लिए पगडंडी का सहारा लेना पड़ता है। पशुपालक शोभाराम ने बताया कि रास्ता न होने के कारण अस्पताल में पशुओं को ले जाने में काफी कठिनाई होती है। पूरा रास्ता जलमग्न व कीचड़ युक्त है। रास्ते ने पूरी तरह से तालाब का रूप ले लिया है।
दो पंचायतों के बीच फंसी सड़क की पटाई
पशु चिकित्सालय तक जाने वाली सड़क दो पंचायतों के बीच फंस गई है। इससे मिट्टी की पटाई भी नहीं हो रही है। ग्राम पंचायत बनगवां प्रधान प्रतिनिधि सद्दाम हुसैन कहते हैं कि कुछ पूर्व सड़क पर मिट्टी पटाई का कार्य कराया गया था और खड़ंजा निर्माण कराया जाना था। अस्पताल का मार्ग बनगवां व मुजेहनी दो ग्राम पंचायतों के सरहद पर पड़ता है। इस कारण ग्राम पंचायत मुजहनी के कुछ लोगों ने निर्माण का विरोध किया और खड़ंजा नहीं बिछाने दिया। ग्राम पंचायत मुजेहनी के प्रधान प्रतिनिधि नौशाद अली का कहना है कि जल्द ही दोनों ग्राम पंचायतों के लोगों के साथ बैठक करके निर्णय कर निर्माण कराया जाएगा।