बलरामपुर के भगवती आदर्श विद्यालय में आयोजित रोजगार मेले में पंजीकरण कराते युवा।
बलरामपुर। नगर के भगवती आदर्श विद्यालय में मंगलवार को जिला सेवायोजन विभाग व आईटीआई पचपेड़वा के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता के अनुसार 121 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया।
जिला रोजगार सहायता अधिकारी आशा वर्मा ने बताया कि मेले में डीएसएस ग्रुप लखनऊ, निबिया इंफ्रास्ट्रेक्चर टेलीकाॅम सर्विस गोरखपुर, महिंद्रा ऑटो मैनपावर कानपुर, हर्बल लाइफ केयर ग्रुप लखनऊ व ब्राइट फ्यूचर ऑरगेनिक आयुर्वेदिक लखनऊ की कंपनी ने प्रतिभाग किया। मेले में कुल 219 युवाओं ने पंजीकरण कराया था। कंपनी के प्रतिनिधियों ने युवाओं का विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लिया। जिला रोजगार सहायता अधिकारी ने बताया कि बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए युवाओं को सेवायोजन पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा।