बलरामपुर। अच्छी बारिश होने के बाद किसानों को धान तथा गन्ने की फसल में यूरिया छिड़कने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उर्वरक विक्रेता किसानों से प्रति बोरी 30 से 50 रुपये अधिक वसूल रहे हैं। यही नहीं किसानों को यूरिया के लिए घंटों धूप में लाइन लगानी पड़ रही है। खाद न मिलने से किसानों को धान की फसल बर्बाद होने की चिंता सता रही है। किसानों ने डीएम से उचित मूल्य पर खाद मुहैया कराने की मांग की है।
तुलसीपुर ब्लॉक के धौराहरी निवासी हरीराम, सदर ब्लॉक के कपसौरा निवासी राकेश, रेहरा बाजार ब्लॉक के बड़हरा निवासी निजामुद्दीन आदि किसानों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजा है। इसमें कहा है कि कहीं भी उचित रेट पर यूरिया नहीं बिक रही है। दुकानों पर 350 से 400 रुपये प्रति बोरी यूरिया बिक रही है। जबकि इफ्को यूरिया की सिसई सहकारी समिति में 290 रुपये प्रति बोरी यूरिया बिक रही है।
पेहर बाजार में 300 से 320 रुपये प्रति बोरी तक किसानों को यूरिया खरीदनी पड़ रही है। सहकारी केंद्रों पर यूरिया है ही नहीं। सब्जी मंडी भगवतीगंज स्थित सहकारी समिति में यूरिया के इंतजार में भोर से खड़े किसान बैरंग लौट गए। कुछ किसानों को ही यूरिया बांटी गई। बाद में समिति पर ताला लगाकर कर्मचारी चले गए। किसानों से कर्मचारियों ने ये कहकर ताला बंद किया कि अब यूरिया आने पर ही बांटी जाएगी।
सिसई सहाकारी समिति में 290 रुपये प्रति बोरी यूरिया बांटी गई। बाद में कर्मी ताला लगाकर चले गए। महराजगंज तराई व कौवापुर बाजार में 350-360 रुपये प्रति बोरी यूरिया धड़ल्ले से बिक रही है। किसानों ने डीएम से उचित रेट पर यूरिया दिलाने की मांग की है ताकि धान व गन्ने की फसल में समय से छिड़काव कर सकें।
जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार ने बताया कि सभी समितियों को 11 हजार बोरी यूरिया भेजी गई है। समिति संचालकों को निर्देश दिया गया है कि सभी किसानों को उचित रेट पर यूरिया का वितरण कराएं। अधिक दाम वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित समिति संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।