बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची अब अंतिम रुप से फाइनल हो गई है। जिले के 63 केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षा कराई जाएगी। यूपी बोर्ड परीक्षा में 28,260 संस्थागत/व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में प्राप्त 45 आपत्तियों का निस्तारण करा दिया गया है। जिले से 11 विद्यालयों को भेजा गया प्रस्ताव भी बोर्ड परीक्षा केंद्र की सूची में शामिल किया गया है। जबकि बोर्ड की अनंतिम सूची में शामिल जिले के दो विद्यालयों को जिला स्तरीय कमेटी के सुझाव पर हटा दिया गया है।
डीआईओएस गोविन्द राम ने बुधवार को बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज की तरफ से वर्ष 2022 की हाईस्कूल/इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन साफ्टवेयर के माध्यम से जिले में 54 परीक्षा केंद्रों को शामिल कर आपत्तियां मांगी गई गई थी। निर्धारित तिथि 13 जनवरी तक जिले में 45 प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों व जन सामान्य ने आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज कराई जिनका निस्तारण करा दिया गया है। जिला स्तरीय कमेटी के सुझाव पर दो विद्यालयों को परीक्षा केंद्र की सूची से हटा दिया गया है। बाकी बचे 52 विद्यालयों को बोर्ड परीक्षा केंद्र की सूची में शामिल किया गया है। कोरोना महामारी व परीक्षा केंद्रों के दूर होने सहित अन्य कई समस्याओं को लेकर लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी। लोगों के शिकायत को संज्ञान में लेते हुए डीएम श्रुति ने जिले में बोर्ड परीक्षा केंद्रों की संख्या को बढ़ाने का निर्देश दिया है।
डीएम के निर्देश पर 11 विद्यालयों को बोर्ड परीक्षा केंद्र की सूची में शामिल करने के लिए प्रयागराज को भेजी गई रिपोर्ट को अंतिम रुप दे दिया गया है। जिले के 63 केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षा कराने की सूची फाइनल हो गई है। यूपी बोर्ड परीक्षा 2022 में 28,260 संस्थागत/व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल होंगे जिसमें हाईस्कूल के 16,571 और इंटरमीडिएट के 11,689 संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल है। हाईस्कूल में 16,341 संस्थागत व 230 व्यक्तिगत और इंटरमीडिएट में 10,875 संस्थागत व 814 व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की यूपी बोर्ड परीक्षा कराने की सभी तैयारी की जा रही है।