बलरामपुर। जिले की 74 साधन सहकारी समितियों मेें निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को संचालक सदस्यों के लिए नामांकन कराए गए। इसमें 656 वार्डों में एकल नामांकन होने के कारण यहां निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। वहीं, दस वार्डों में दो-दो नामांकन होने के कारण यहां मुकाबला रोचक होने के आसार हैं।
एआर कोआपरेटिव अमरेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि जिले में कुल 74 साधन सहकारी समितियां हैं। सभी समितियों में नौ-नौ वार्ड हैं। मंगलवार को वार्डों के संचालक सदस्यों के लिए नामांकन कराया गया। इसमें से 656 में सिर्फ एक ही नामांकन हुए हैं। इससे इन वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन तय है। इसके अतिरिक्त ललिया समिति के पांच वार्ड, श्रीनगर समिति के एक, वीरपुर कला के तीन तथा कौवापुर समिति के एक वार्ड में दो-दो नामांकन हुए हैं।
जिन वार्डों में दो-दो नामांकन हुए हैं, वहां नामांकन पत्रों की जांच 15 मार्च को होगी। 16 को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकते हैं। 18 मार्च को मतदान कराया जाएगा। मतदान के दौरान सुरक्षा के प्रबंध करने के लिए पुलिस अधिकारियों को लिखा गया है। संचालक सदस्यों का चुनाव होने के बाद 19 मार्च को निर्वाचित सदस्य समितियों के लिए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे।