तुलसीपुर (बलरामपुर)। तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया। इससे युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तुलसीपुर थाना क्षेत्र के रहमरवा सहिजरा निवासी मनोज (35) चैपुरवा गांव से मंगलवार को घर आ रहा था। नेशनल हाईवे बढ़नी मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मनोज को रौंद दिया।
आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से मनोज को सीएचसी तुलसीपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का हाल बेहाल है। प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर थाना अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।