बलरामपुर। जिले में मातृ स्वास्थ्य का क्या हाल है, इसकी पड़ताल के लिए यूनिसेफ की केंद्रीय टीम 30 व 31 मई को जिले में रहेगी। सीएमओ डॉ. सुशील कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई हैं।
मातृ स्वास्थ्य को लेकर जिले में कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। कहीं पर किट के अभाव में गर्भवती की शुगर की जांच नहीं हो पा रही है तो कहीं पर सिफलिस या एचआइवी की जांच बाधित है। यूनिसेफ की केंद्रीय टीम 30 व 31 मई को जिले में रहेगी। पहले दिन यह टीम जिला अस्पताल, एसएनसीयू व उतरौला सीएचसी तथा दूसरे दिन ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस पर लगाए जाने वाले सत्र व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर श्रीदत्तगंज की स्थिति देखेगी।
केंद्रीय टीम के भ्रमण को लेकर डॉ. प्रमित, डॉ. आनंद, डॉ. श्वेताभ, परवेज आलम व साकेत शुक्ला की टीम यहां पर पहुंची। टीम ने सीएमओ डॉ. सुशील कुमार से मुलाकात की। साथ ही तैयारियों के बारे में जानकारी ली। बैठक में गुणवत्ता सलाहकार डॉ. अनामिका सिंह, यूनिसेफ की डीएमसी शिखा श्रीवास्तव व मातृ स्वास्थ्य के डीएमसी विनोद त्रिपाठी मौजूद रहे।