बलरामपुर के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर महुआ इब्राहिम पर टीम का स्वागत करते स्वास्थ्य कर्मी।
बलरामपुर। राष्ट्रीय मातृ स्वास्थ्य यूनिसेफ के कंट्री हेड डॉ. जियाउल मतीन के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को श्रीदत्तगंज के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर व वीएचएनडी सत्र का निरीक्षण किया। टीम ने कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर व एएनएम से वार्ता करते हुए केंद्र पर उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। जच्चा-बच्चा को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी पूछताछ की।
कंट्री हेड के साथ राज्य से आईं डॉ. कनुप्रिया सिंघल सुबह 9.30 बजे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर महुआ इब्राहिम पहुंचे। सीएचओ सुप्रिया चौहान व एएनएम सविता यादव ने टीम को सेंटर पर दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। ओपीडी लोड, नियमित टीकाकरण व संस्थागत प्रसव से जुड़े आंकडे़ भी बताए। यहां से टीम इटईमैदा गांव में चल रहे वीएचएनडी सत्र पर पहुंची। यहां कंट्री हेड व स्टेट हेड ने एएनएम अनामिका से ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर दी जाने वाली सुविधाओं पर चर्चा की। टीकाकरण व वैक्सीन के रखरखाव से जुड़े सवाल भी पूछे। आशा संतोष कुमारी से भी गर्भवती के स्वास्थ्य से जुड़़ी जानकारियां लीं।
निरीक्षण के दौरान एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह, डॉ. एके शुक्ला, सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्र, डिवीजनल हेड क्वाडिनेटर साकेत शुक्ला, शिखा श्रीवास्तव, एचईओ विजय प्रताप सिंह, आशुतोष शुक्ला व अमित श्रीवास्तव मौजूद रहे। ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने टीम के अधिकारियों को धन्यवाद दिया।