देहात(बलरामपुर)। नगर कोतवाली क्षेत्र के बिजलीपुर मंदिर के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को सड़क दुर्घटना हो गई। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार को रौंद दिया। अस्पताल में पहुंचते ही घायल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की छानबीन कर रही है।
प्रभारी कोतवाल सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर बिजलीपुर मंदिर के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार को रौंद दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फोर्स भेजी गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक बिजलीपुर मंदिर निवासी अजय श्रीवास्तव का भांजा आशुतोष उर्फ इशू (17) साइकिल से कोल्ड ड्रिंक्स लेने गया था। वापस लौटते समय उसके साथ हादसा हो गया है।
मृतक के मामा ने बताया कि आशुतोष का घर गोंडा में है। मेरे घर पर रहता है। एक भाई की सर्पदंश से पहले ही मौत हो चुकी है। आशुतोष को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नगर कोतवाली की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।