जरवा। क्षेत्र के बघेलखंड के रहमरवा बनगाई गांव में शनिवार देरशाम जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गांवों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट में छह लोग घायल हो गए। इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम हथियागढ़ नवानगर और रहमरवा बनगाई के बीच एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। शनिवार को विवादित जमीन पर छप्पर डालने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडों से हमला किया गया।
मारपीट में रहमरवा बनगाई निवासी बद्री, हरिश्चंद्र, रामगोपाल और मंशाराम घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से हथियागढ़ नवानगर निवासी सत्येंद्र और हीरालाल को चोटें आईं। वहीं रहमरवा बनगाई निवासी रक्षाराम को गंभीर चोट लगने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बघेलखंड चौकी प्रभारी बृजभूषण यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैसड़ी भेजा गया।
घटना के बाद दोनों गांवों में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में नजर बनाए हुए है।