बलरामपुर। बलरामपुर डिपो परिसर में शनिवार को दो बेटियों ने परिचालक बनने के लिए आवेदन भरा है। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक चालक व परिचालक पदों पर संविदा भर्ती के लिए आवेदन लिया गया। रिक्त पदों को भरने के लिए एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि रोडवेज बसों के संचालन में परेशानी न आए।
एआरएम गोपी नाथ दीक्षित ने बताया कि जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार मुहैया कराने की पहल शुरू की गई है। बलरामपुर डिपो में 103 रोडवेज बसें हैं। रोडवेज बसों को प्रतिदिन दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, सिद्धार्थनगर, बहराइच व अयोध्या और तुलसीपुर व उतरौला जैसे लोकल रूटों पर आवागमन होता है। चालकों व परिचालकों की कमी से रोडवेज बसों को सभी रूटों पर भेजने में परेशानी हो रही है।
बलरामपुर डिपो में 74 परिचालकों व 82 चालकों के पद रिक्त हैं। चालकों व परिचालकों की कमी पूरा करने के लिए संविदा पर भर्ती शुरू की गई है। इंटरमीडिएट पास 18 से 40 वर्ष के युवक-युवतियां शामिल होकर चालक व परिचालक की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन, एनसीसी, एनएसएस व स्काउट गाइड के युवक-युवतियों को रोजगार पाने का सुनहरा मौका है। (संवाद)