फोटो-26-बलरामपुर के नगर कोतवाली में मौजूद पकड़े गए आरोपी ।-स्रोत : विभाग
- फोटो : सांकेतिक
बलरामपुर। साइबर ठगी की रकम मंगाने के लिए बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक और यूपीआई उपलब्ध कराने के आरोप में कोतवाली नगर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर ठगी की रकम के बदले कमीशन लेने का आरोप है। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, एक अतिरिक्त सिम, बैंक पासबुक, दो एटीएम कार्ड और 690 रुपये नकद बरामद किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि साइबर क्राइम मुख्यालय, लखनऊ से मिली सूचना के आधार पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाता संख्या 572202120026571 और उससे जुड़े मोबाइल नंबर की जांच की गई। इस खाते के खिलाफ एनसीआरपी/समन्वय पोर्टल पर साइबर ठगी की दो शिकायतें दर्ज मिलीं। इनमें 12,500 रुपये और 2,150 रुपये की ठगी का उल्लेख था।
जांच में सामने आया कि उक्त खाता सुनील कुमार सोनकर के नाम पर है, जबकि उसका संचालन उसका भाई विजय कुमार सोनकर कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने विजय कुमार सोनकर और उसके साथी राहुल गोस्वामी को मंगलवार को कोडरी घाट पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने साइबर ठगी की रकम मंगाने के लिए बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और यूपीआई उपलब्ध कराने के बदले कमीशन लेने की बात स्वीकार की। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई बैंक खातों, एटीएम कार्ड, यूपीआई आईडी, क्यूआर कोड के साथ साइबर अपराध से संबंधित चैट और अन्य डाटा भी मिला है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल गोस्वामी निवासी साधुपुरवा पकड़ैला और विजय कुमार सोनकर निवासी मूर्तिहवा, थाना ललिया के रूप में हुई है।